बहादुरगढ़। क्षेत्र की कुलासी लिंक ड्रेन की जमीन पर सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लगभग 10 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। यह जानकारी पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने बुधवार को दी। सड़क की लंबाई लगभग साढ़े पांच किलोमीटर होगी।
पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने कहा कि कुलासी लिंक ड्रेन पर सड़क बनने से इलाके के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। हरियाणा सरकार ने झज्जर जिले के गांव कुलासी में लिंक ड्रेन की भूमि पर नई सड़क के निर्माण पर मंजूरी दी है। इससे क्षेत्र के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी और उनका आवागमन भी आसान होगा। कौशिक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का इस परियोजना को मंजूरी देने पर आभार जताया है। कौशिक ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में 50 करोड़ रुपये की 12 नई परियोजाओं को मंजूरी दी है। इनमें कुलासी लिंक ड्रेन की भूमि पर नई सड़क के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि 9.97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई सड़क परियोजनाओं के निर्माण से इलाके के लोगों को फायदा पहुंचेगा। प्रस्तावित सड़क आरडी 0.00 से 5.400 किलोमीटर तक फैली है जो क्षेत्र की कनेक्टिविटी बढ़ाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने बताया कि इस प्रस्तावित सड़क की कुल लंबाई 5.183 किलोमीटर की है जो एक तरफ एमडीआर 138 (बहादुरगढ़-नाहरा नाहरी रोड) और दूसरी तरफ (सांखौल-बराही रोड) के साथ जोड़ेगी। इसके अलावा अलावा सड़क सांखौल-बराही रोड से लगभग एक किलोमीटर पर प्रस्तावित उत्तरी बाईपास के साथ मिलती है। उन्होंने बताया कि इस नई सड़क के बनने से क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी बढ़ेगी। कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल बिना किसी भेदभाव व पारदर्शी तरीके से प्रदेश के उत्थान में लगे हैं। अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदेशवासियों को मिले इसको लेकर वे पूरा ध्यान दे रहे हैं। पूरे झज्जर जिले में समग्र विकास कार्यों को गति दी जा रही है।