साल्हावास। भारतीय कुश्ती संघ की ओर से 3 अगस्त को बहादुरगढ़ के मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भारतीय सब जूनियर कुश्ती टीम व भारतीय जूनियर कुश्ती टीमों की चयन प्रक्रिया का आयोजन किया गया।
इसमें कृष्णा अखाड़ा खानपुर खुर्द की बेटी पहलवान नेहा सांगवान सब जूनियर विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई हैं। वे जॉर्डन के ओमान शहर में 19 से 25 अगस्त तक होने वाली 57 किलो भार वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेंगी। इसी प्रकार 2 से 6 सितंबर तक स्पेन के पोंडेरा में आयोजित होने वाली जूनियर विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में उसका चयन हुआ है। पिछले महीने ही नेहा सांगवान ने जूनियर एशियाई कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता था। बेटी पहलवान के भारतीय टीम में चयनित होने पर गुरु अखाड़ा संचालक कृष्ण पहलवान, कोच सज्जन मंदौला, सीएलपी पावर प्लांट के मनवर भंडारी, बनिता, राजीव राव, कृष्ण सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य अमित ने बधाई दी।