साल्हावास। क्षेत्र के गांव अकेहड़ी मदनपुर का एक 48 वर्षीय व्यक्ति जो एक ईट भट्ठे पर मुंशी का काम करता था। सोमवार देर रात्रि संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसे पहले शराब पिलाई गई है फिर किसी ने उन्हें जहर दिया है। मृतक की पहचान सुरेंद्र के रुप में हुई।
पुलिस को दी शिकायत में अकेहड़ी मदनपुर निवासी पंकज ने बताया कि उसके पिता सुरेंद्र पिछले 12 साल से दुजाना क्षेत्र के एक भट्ठे पर मुंशी का काम करते थे। सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे भट्ठा मालिक का फोन आया कि उसके पिता ने जहर खा लिया है। जब वह परिजनों को साथ लेकर भट्ठे पर पहुंचा तो पता चला कि उसके पिता को इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के बेटे पंकज का कहना है कि उन्हें आशंका है कि पहले शराब पिलाई गई है और उसके बाद जहर दिया है। वे भट्ठे मालिक के कथन से भी संतुष्ट नहीं हैं। थाना प्रभारी दुजाना सुनील कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया गया है।सुरेंद्र अपने पीछे दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। बड़े पुत्र पंकज 19 साल के है। जो बीएसी प्रथम वर्ष के छात्र हैं जबकि छोटा पुत्र जयवीर ग्यारहवीं कक्षा में पढ़ता है जो मात्र 15 वर्ष का है।