झज्जर। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 का आयोजन 31 जनवरी से 11 फरवरी तक मध्य प्रदेश में होना है। इसमें 27 खेल, जिनमें 21 एकल तथा 6 टीम इवेंट शामिल हैं। गेम्स के लिए हरियाणा राज्य वॉलीबाल, कबड्डी में लड़के तथा लड़कियों और फुटबाल में केवल लड़कियों की टीम का ट्रायल के आधार पर शुक्रवार 23 दिसंबर को चयन होगा ।
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी ललिता मलिक ने बताया कि वॉलीबाल के लिए ताऊ देवी लाल स्पोर्टस कॉम्पलेक्स पंचकूला में 23 दिसंबर को लड़कियों के लिए ट्रायल होगा। कबड्डी अंडर 70 किलोग्राम भार वर्ग के सर छोटूराम स्टेडियम रोहतक में 23 दिसंबर को ट्रायल होगा। उन्होंने बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण के दिशा निर्देश अनुसार खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में प्रतिभागिता के लिए खिलाड़ियों की आयु 1 जनवरी, 2004 से आंकी जाएगी। प्राधिकरण द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में खिलाड़ी का आवेदन पत्र, यूटी द्वारा जारी लेटर हेड पर सक्षम प्राधिकारी के हस्ताक्षर के साथ 3 अन्य कमेटी सदस्यों के हस्ताक्षर होने आवश्यक हैं। इसके अतिरिक्त जन्म प्रमाण पत्र, आधार नंबर, 10वीं कक्षा का प्रमाण पत्र, खिलाड़ी का रिहायशी प्रमाण पत्र आवेदन के साथ सलंग्न करना अति आवश्यक है। नगर निगम/ग्राम पंचायत द्वारा जारी प्रमाण पत्र 1 जनवरी 2017 से पहले का बना हुआ होना अनिवार्य है।