बहादुरगढ़। युवा भाजपा नेता और समाजसेवी कार्तिक राठी को झज्जर जिले की जिला स्तरीय चयन समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। यह जिम्मेदारी केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय की स्वायत्त संस्था मेरा युवा भारत (माई भारत) ने दी है। समिति राष्ट्रीय युवा कोर (एनवाईसी) योजना के तहत युवा प्रतिनिधियों का चयन करेगी। इस समिति का उद्देश्य जिले के हर ब्लॉक से दो समर्पित युवाओं को चुनना है। चयनित युवाओं को दो वर्षों तक प्रत्येक माह 5,000 रुपये का मानदेय दिया जाएगा। ये प्रतिनिधि स्वास्थ्य, साक्षरता, लैंगिक समानता और सामाजिक सद्भाव जैसे अभियानों को बढ़ावा देने के साथ आपदा प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों में भी सक्रिय रूप से योगदान देंगे।