0झज्जर में स्थित लघु सचिवालय परिसर में अपना मांग पत्र देते हुए कादयान खाप के प्रतिनिधि।
झज्जर। पहलवान विनेश फाेगाट के ओलंपिक में 100 ग्राम वजन ज्यादा होने के कारण अयाेग्य करार देने पर कादयान खाप ने सोमवार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम को दिया।
कादयान खाप के प्रधान राजपाल सिंह ने कहा कि 10 अगस्त को रोहतक के नांदल भवन में सर्व खाप पंचायत में निर्णय लिया गया कि सभी खाप पंचायत विनेश फोगाट के समर्थन में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेगी। इसी के तहत आज ज्ञापन दिया गया है। उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट को 100 ग्राम वजन ज्यादा होने पर जिस तरह अयाेग्य घोषित किया गया है, उससे लोगों को साजिश नजर आ रही हैं। विनेश ने एक ही दिन में तीन मुकाबले जीते थे और लगातार 82 बार जीतने वाली खिलाड़ी को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। उससे लोगों की गोल्ड मेडल की उम्मीद बढ़ गई थी। उन्होंने इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत जज से करवाने की मांग की। विनेश को ओलंपिक में गोल्ड मेडल विजेता को मिलने वाली सारी सुविधाएं मिले। साथ ही विनेश फोगाट को भारत रत्न दिया जाए। इससे पहले सागवान खाप भी कह चुकी है कि अगर खाप पंचायतों की मांगों को नहीं माना जाता तो बडे़ स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी खाप पंचायत विनेश फोगाट को नांदल भवन रोहतक में सम्मानित करेंगी और उन्हें सन्यास वापिस लेने के लिए मनाएंगी।
कॉलेज के लिए दान दी गई जमीन पर कब्जे की शिकायत दी
कादयान खाप ने बेरी के गांव बाघपुर में महिला कॉलेज के लिए दान की गई जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण से सरकारी पैसे के दुरुपयोग को लेकर शिकायत एसडीएम को दी। खाप प्रतिनिधियों का कहना है कि दान में दी गई इस जमीन पर केवल महिला कॉलेज बने। इसके लिए कादयाण खाप मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी मुलाकात कर चुका है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 20 नवंबर 2016 को बेरी आगमन पर महिला कॉलेज की घोषणा की गई थी। नगरपालिका बेरी ने भी महिला कॉलेज के निर्माण के लिए इस जमीन पर प्रस्ताव पास कर सहमति जताई थी, लेकिन आज तक निर्माण नहीं हुआ।