झज्जर। वेतन, नियमित करने सहित कई मांगों को लेकर आशा वर्कर्स ने भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओपी धनखड़ के आवास का घेराव किया। हंगामे की आशंका के चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
आशा वर्कर्स शुक्रवार को पंड़ित श्रीराम शर्मा पार्क में एकत्रित हुई। यहां से प्रदर्शन करती हुई भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ निवास पर पहुंची और घेराव किया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ के निवास के बाहर सुरक्षा के इंतजाम किए थे। आशा वर्करों ने उनको नियमित करने और समान काम समान वेतन व अन्य मांगों को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव के निजी सचिव को ज्ञापन सौंपा।
आशा वर्कर्स यूनियन की जिला प्रधान कविता ने बताया कि पिछले दिनों आशा वर्कर कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर लंबा आंदोलन किया था, जिसके बाद सरकार ने कहा था कि आशा वर्कर कर्मचारियों का हड़ताल के दौरान का वेतन नहीं काटा जाएगा, लेकिन अब सरकार ने उसे फाइल को रिजेक्ट कर दिया था। इसको लेकर बातचीत करने के लिए कल आशा वर्कर कर्मचारी पंचकूला जा रही थी, जिनको बीच रास्ते में ही पुलिस द्वारा रोक दिया गया और सरकार ने तानाशाही का परिचय दिया। इसके विरोध स्वरूप शुक्रवार को जुलूस निकाल कर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ के निवास के बाहर प्रदर्शन किया। ज्ञापन में मांग की गई है कि आशा वर्करों और सहायिकाओं को नियमित किया जाए, समान काम समान वेतन दिया जाए और हड़ताल के दौरान का पूरा वेतन कर्मचारी को दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तो आने वाले चुनाव में तमाम कर्मचारी वर्ग मिलकर सरकार को सत्ता से बाहर करने का काम करेंगे।