पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद के भाजपा की मोदी सरकार द्वारा देश भर में एक हजार व पांच सौ रुपये के नोटों को अमान्य करार दिए जाने की योजना की उड़ी हमले से तुलना किए जाने बाबत दिए गए बयान पर शनिवार को झज्जर में भाजपा के कार्यकर्ता बिफर गए। उन्होंने आजाद के इस बयान पर प्रदर्शन करते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गुस्साएं भाजपाइयों ने शहर के अंबेडकर चौक पर गुलाब नबी आजाद का पुतला भी फूंका। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष योगेश सिलानी के नेतृत्व मेें कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ पूर्व मंत्री गुलाम नबी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की बल्कि कांग्रेस को भी कोसा। प्रदर्शन के दौरान भाजपाइयों का कहना था कि इतिहास इस बात का साक्षी है कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में केवल और केवल भ्रष्टाचार को ही जन्म दिया और उसके नेताओं ने जनता की खून पसीने की कमाई को काले धन के रूप में एकत्रित कर विदेशी बैंकों में जमा कर लिया। अब जबकि देश को उज्जलव भविष्य की ओर ले जाने के लिए देश के प्रधानमंत्री ने एक हजार व पांच सौ रुपए के नोटों को बंद कर एक नई दिशा की ओर कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आज जनता इतनी जागरूक हो चुकी है कि उसे पता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो भी कदम बढ़ाया है वह देशहित में है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र दलाल सहित काफी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे।