शहर, कस्बा अथवा गांव की सड़कों को हरा भरा साफ सुंदर, भीड़ से रहित व सुरक्षित बनाए रखने में मदद करने वाले लोगों और संस्थाओं को हरियाणा सरकार द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। प्रत्येक जिला, शहर और विधानसभा क्षेत्रों से इस कार्य में अहम भूमिका निभाने वाले लोगों और संस्थाओं का चयन किया जाएगा। सड़कों को दुर्घटना व बाधा रहित बनाने में सहयोग व सुझाव देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सड़क रतन अवॉर्ड से पुरस्कृत किया जाएगा। जानकारी देते हुए एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने बताया कि सड़कों को सुंदर, सुगम, बाधा रहित और सुरक्षित बनाये रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चयनित व्यक्तियों व संस्थाओं को हरियाणा सरकार द्वारा सड़क रत्न अवार्ड के तहत 11000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। यह इनाम प्रति वर्ष साल में एक बार दिया जाएगा। सड़क रत्न अवार्ड का उद्देश्य हरियाणा प्रदेश की सड़कों को दुर्घटना व बाधा रहित बनाने साफ सुथरा व सुन्दर बनाए रखने तथा ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखना है। बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस कार्य में हिस्सा लेकर अहम भूमिका निभा सकते हैं। जिसके लिए बहादुरगढ़ के डीएसपी धीरज कुमार की देखरेख व मार्गदर्शन में पूरे जिला में सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विशेष अभियान के तहत जिला के सभी सरकारी एवम निजी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा संगठन के सहयोग से ट्रैफिक नियमों की विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार उप पुलिस महानिरिक्षक यातायात एवम राजमार्ग सिबास कबिराज द्वारा सड़कों की देखभाल करने वाले सड़कों को साफ, सुंदर, सुगम, सुरक्षित, भीड़ व बाधा से रहित बनाये रखने में सराहनीय योगदान करने वाले ज्यादा से ज्यादा लोगों के बारे में जानकारी और उनके सुझाव मांगे गए हैं।