झज्जर। राजस्व विभाग का जमाबंदी पोर्टल आगामी चार दिन तक बंद रहेगा। पोर्टल को अपडेट करने के चलते चार दिन पोर्टल पर न तो इंतकाल हो सकेगा और न ही जमाबंदी की नकल निकल सकेगी। यही नहीं रजिस्ट्री का काम भी बंद रहेगा और कोई टोकन नहीं कटेगा।
हालांकि, आम जनता को इससे केवल एक दिन ही परेशानी होगी। पोर्टल 14 जून की रात को बंद होगा और 17 जून की रात तक बंद रहेगा। इस दौरान 15 व 16 जून को शनिवार व रविवार की छुट्टी रहेगी। 17 जून को सोमवार को ही आने वाले लोगों को पोर्टल न चलने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
जिले में प्रतिदिन 100 से 150 के बीच रजिस्ट्री होती है। इसके अलावा प्रतिदिन 400 से 500 लोग जिले में इंतकाल और जमाबंदी की नकल निकलवाने का काम करते हैं। ऐसे में पोर्टल न चलने से कुछ परेशानी जरूर होगी। पोर्टल न चलने की वजह से न तो संपत्तियों के पंजीकरण के लिए टोकन को बुक कराया जा सकता है और न ही इंतकाल, जमाबंदी की नकल इत्यादि निकाली जा सकती है। जमाबंदी डॉट एनआईसी डॉट इन का ये पोर्टल 14 जून की शाम 6 बजे से लेकर 17 जून रात 11 बजे तक बंद रहेगा। विभाग की ओर से इसके बंद होने का कारण निर्धारित रखरखाव बताया है। इससे ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं होंगी। इस असुविधा के लिए खेद का एक संदेश विभाग के पोर्टल पर भी दर्शाया जा रहा है। गौरतलब है कि जिले की सभी तहसीलों में रोजाना 100 से 150 संपत्तियों के पंजीकरण होते हैं।