झज्जर। कोरोना संक्रमण की दस्तक के बीच अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़नी शुरू हो गई है। नागरिक अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बुधवार को ये आंकड़ा 950 पहुंच गया। इनमें 300 से अधिक मरीज खांसी, जुखाम और बुखार से पीड़ित थे। कोरोना संक्रमण के भी दो नए मरीज मिले हैं। जिले में कोरोना संक्रमण के फैलाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल की संख्या भी बढ़ा दी है। बुधवार को 408 लोगों के नमूने लेकर जांच को भेजे हैं।
एक सप्ताह में अस्पतालों में मरीजों की सख्या बढ़ी है। बुधवार को सामान्य अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतार लगने लगी थी। फिजिशयन की ओपीडी कक्ष के सामने तो बुरा हाल था। चिकित्सकों के आते ही मरीजों में धक्का मुक्की होने लगी। दरअसल बुखार, खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या काफी अधिक थी। इनमें बच्चे भी काफी थे। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को करीब 950 मरीज ओपीडी में आए। पिछले बुधवार को सामान्य अस्पताल में ओपीडी में मरीजों की संख्या 750-800 थी। इनमें खांसी, जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या करीब 200 थी लेकिन बुधवार को संख्या में इजाफा होकर 300 हो गई है। चिकित्सकों का कहना है कि बदलते मौसम की वजह से भी ऐसा हो रहा है। वायरल हो रहा है। ये ठीक होने में एक सप्ताह लेता है।
कोरोना के दो नए केस मिले
झज्जर। बुधवार को जिले में कोरोना के दो नए मामले बुधवार को आए। इस कारण स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की जांच के लिए नमूनों की संख्या बढ़ा दी है। ओडीपी में आने वाले मरीजों की भी लक्षण के आधार पर जांच कराई जा रही है। बुधवार को विभाग की टीमों ने कोरोना की जांच के लिए 408 सेंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। पिछले पांच दिन में 12 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। फिलहाल जिले में सात कोरोना के सक्रिय मरीज हैं। बुधवार को भी दो नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। एक संक्रमित को ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई है।
नहीं हो रहा मास्क का प्रयोग
झज्जर। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हर तरफ लापरवाही बरती जा रही है। कोई भी व्यक्ति कोरोना संक्रमण के नियमों का पालन करता दिखाई नहीं दे रहा है। भीड़ वाली जगहों पर भी लोग मास्क नहीं लगा रहे। स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों से सतर्कता के लिए कह रहा है। ऐसे में लोगों को इससे सचेत होने की जरूरत है।
पिछले पांच दिन में ये मिले कोरोना संक्रमित
तिथि कोरोना संक्रमित
01 अप्रैल 4
02 अप्रैल 2
03 अप्रैल 2
04 अप्रैल 2
05 अप्रैल 2
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए कोरोना टेस्ट अनिवार्य
सामान्य अस्पताल में आयुष्मान कार्ड बनवाने वाले लोगों के भी कोरोना टेस्ट करवाए जा रहे हैं। चाहे उनमें छोटे बच्चे ही क्यों न हों। इसमें हर व्यक्ति की कोरोना जांच शुरू कर दी गई हैं।
- वर्जन
कोरोना की जांच के लिए विभाग ने सेंपलिंग तेज कर दी है। हर रोज कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। इस लिए पूरी तरह से बचाव रखें। खांसी, जुकाम बुखार के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
- डॉ ब्रह्मदीप, सिविल सर्जन, झज्जर।