फोटो-68:बहादुरगढ़ के वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय में आयोजत कार्यक्रम में छात्राओं को सम्मानित क
बहादुरगढ़। रोहतक के गांव जसिया से सेवानिवृत प्राचार्य डॉ. रणबीर सिंह कादयान ने कहा कि गणित का स्वभाव ही ऐसा है जो यह सिखाता है कि हर समस्या का समाधान संभव है। इसलिए किसी भी कठिनाई से निराश होने की जरूरत नहीं होती। उन्होंने छात्राओं को गणित पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि गणित पढ़ने वाले विद्यार्थी निर्णय लेने में मजबूत और आत्मविश्वासी होते हैं और संतुलित जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ते हैं। वे शनिवार को वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस पर छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। प्राचार्या डॉ. राजवंती शर्मा ने मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए कहा कि आज के दौर में विज्ञान, कंप्यूटर और तकनीकी विकास के पीछे गणित की अहम भूमिका है। गणित के बिना नए आविष्कार और इनोवेशन संभव नहीं हैं। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस की थीम मैथमेटिक्स एंड होप है जिसके तहत जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन जैसी वैश्विक चुनौतियों को समझने और उनके समाधान में गणित की भूमिका को रेखांकित किया गया। मौके पर डॉ. भारती मिश्रा, एचओडी स्वीटी व छात्राएं मौजूद रहीं।