झज्जर। पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को अपने कार्यालय पर पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक की। एसपी ने संचालकों ने सुरक्षा संबंधी सुझाव लिए। उन्होंने संचालकों से कहा कि पंप पर सीसीसीटीवी और अलार्म लगाना बहुत जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिया कि पुलिस हमेशा उनके साथ है। उन्हें भी अपराध नियतंत्रण में पुलिस को सहयोग करना चाहिए।
शुक्रवार को जिला के सभी पेट्रोल पंप संचालकों की एक बैठक का आयोजन लघु सचिवालय झज्जर में स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया गया। जिला में पेट्रोल पंपों पर किए गए सुरक्षा के इंतजामों की समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों से रूबरू होते हुए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने का आह्वान किया। पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक में सभी पेट्रोल पंपों पर सीसीटीवी कैमरा, अलार्म सिस्टम व सुरक्षा गार्ड की तैनाती की अपील की। पंप संचालकों के साथ साथ जिला के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को भी पेट्रोल पंपों की सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। जिनमें सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी कैमरों के अतिरिक्त इंफ्रारेड कैमरे भी लगवाए जाएं। किसी भी पेट्रोल पंप पर रात के समय कैश ना रखा जाए। एसपी ने कहा कि घटना के बाद देखा जाता है कि सीसीटीवी खराब हैं या कैमरे काम नहीं कर रहे। इसलिए उन्हें चेक कराते रहें। यदि खराब हो जाएं तो तुरंत ठीक कराना चाहिए। किसी भी प्रकार की घटना दुर्घटना व आकस्मिक पुलिस सहायता के लिए डायल 112 पर कॉल की जाए। ताकि जल्द से जल्द पुलिस सहायता उपलब्ध हो सके।