10jjrp07- पुलिस लाइन में आयोजित सेमिनार में मौजूद अनुसंधानकर्ता। स्रोत-पुलिस
झज्जर। जिला न्यायवादी अनुज दहिया ने बताया कि मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में जांच बेहद सावधानी और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की जानी चाहिए ताकि किसी भी तकनीकी कमी के कारण आरोपी अदालत से बरी न हो सके। उन्होंने जांच अधिकारियों को केस की मजबूत पैरवी और साक्ष्यों के सही संकलन के बारे में भी दिशा-निर्देश दिए। वह मंगलवार को पुलिस लाइन में मादक पदार्थों से जुड़े मामलों की जांच को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एनडीपीएस एक्ट को लेकर आयोजित सेमिनार में अनुसंधानकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर डीसीपी हेडक्वार्टर जसलीन कौर ने भी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एनडीपीएस एक्ट से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। एसीपी अनिरुद्ध चौहान ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस कर्मचारियों के लिए बेहद उपयोगी होते हैं। इससे जांच अधिकारियों को मामलों की बेहतर समझ मिलती है और वे कानून के अनुसार मजबूत केस तैयार कर सकते हैं।