बहादुरगढ़। नवरात्र में फल और सब्जियों के दामों में भी इजाफा हो गया है। स्थिति यह है कि 50 रुपये किलो बिकने वाले टमाटर की कीमत सेब के बराबर हो गई है। वहीं आलू के दाम भी 40 से 50 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए हैंं। हालांकि व्यापारी इसके पीछे का कारण यह बता रहे हैं कि बारिश के चलते कई स्थानों पर फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। संभावना है कि आने वाले दिनों में टमाटर के रेट में और उछाल आ सकता है।
बहादुरगढ़ में झज्जर रोड पर स्थित सब्जी मंडी के आढ़ती रमेश का कहना है कि अमूमन नवरात्र के मौके पर सब्जियां सस्ती हो जाती हैं, लेकिन इस बार बारिश की वजह से सब्जियों को काफी नुकसान हुआ है। यही वजह है कि सब्जियां सस्ती होने के बजाय महंगी होती जा रही हैं।
आढ़ती संजय के मुताबिक इस समय टमाटर की सप्लाई बेंगलुरू से हो रही है, जबकि इस सीजन में नासिक से भी सप्लाई होती है, लेकिन नासिक में फसल खराब होने की वजह से वहां से टमाटर नहीं आ रहा है। मंडी में इन दिनों टमाटर की थोक कीमत 60 से 70 रुपये प्रति किलो है। जबकि 10 दिन पहले 30 से 40 रुपये थी। इस बार नवरात्र में प्याज के दाम भी कम होने के बजाय स्थिर बने हुए हैं।
खुदरा मार्केट में प्याज की कीमत करीब 70 रुपये किलो है। जब कि मंडी में प्याज की थोक कीमत 40 से 50 रुपये प्रति किलो है। मंडी में केला, सेब, पपीता सहित अन्य फलों की मांग बढ़ गई है। इसकी वजह से फलों की कीमत में लगभग 10 प्रतिशत का उछाल आया है। बाजार में केला जहां 70 से 80 रुपये प्रति दर्जन बिक रहा है तो सेब भी 90 से 100 रुपये प्रति किलो और पपीता 70 रुपये किलो है।
सब्जियों के दाम
आलू
40-50
प्याज
60-70
भिंडी
70
बैगन 80
गोभी
90-100
घीया
50
सीताफल 40
टमाटर
90-100
नोट : कीमत प्रति किलो के हिसाब से।