बहादुरगढ़। रोहतक रोड से बहादुरगढ़ को जोड़ने वाली बाईपास पुलिया बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। कुल चार पुलिया बनाई जानी हैं। इनमें से एक बनकर तैयार हो गई है। अधिकारियों का दावा है कि नए साल में सभी पुलियां लोगों को सौंप दी जाएगी। इन पर आवागमन शुरु होगा। इनके निर्माण 1.70 करोड़ रुपये खर्च होंगे।। पुलिया बनने के बाद लोगों को बाईपास से शहर की तरफ आने-जाने में आसानी होगी। प्रतिदिन इस मार्ग से हजारों वाहन गुजरेंगे।
ओमेक्स सिटी व गांव कसार के पास से रोहतक रोड का बाईपास से सीधे जुड़ाव नए साल में हो जाएगा। जनवरी माह तक 200 फुटा रोड के दोनों छोर पर चार पुलिया का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। 1 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से इन पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने दिसंबर 2022 में ही इस काम का टेंडर आवंटित कर दिया था। 6 माह में यह काम पूरा होना था, लेकिन दस माह गुजर जाने के बाद यह काम शुरू हुआ था। इन पुलिया के निर्माण से लोगों को काफी फायदा होगा। इन पुलिया का निर्माण होने के बाद एचएसवीपी की ओर से बनाए गए 200 फुटा रोड से सीधा जुड़ाव बाईपास व रोहतक रोड का होगा। फिलहाल रोहतक रोड का बाईपास से सेक्टर 16-17 से, झज्जर रोड से, बेरी रोड से, बादली व बेरी रोड से है। अब ओमेक्स सिटी के पास से भी बाईपास व रोहतक रोड का आपस में जुड़ाव होगा तो राहगीरों के साथ-साथ यहां बसाए जा रहे 5 सेक्टर जिनमें ओमेक्स सिटी, केएलजे सिटी व आसपास की कालोनियों के लोगों को काफी फायदा होगा।
200 फुटा रोड का निर्माण कार्य भी हो जाएगा पूरा
एचएसवीपी की ओर से बाईपास से रोहतक रोड को जोड़ने के लिए ओमेक्स सिटी व गांव कसार के पास से 200 फुटा रोड बनाया है। यह रोड बाईपास के पास से गुजर रहे रजवाहों व रोहतक रोड के पास बहादुरगढ़ माइनर और पेयजल माइनर पर पुलिया बनाने की स्वीकृति के कारण अधूरा पड़ा है। करीब 98 प्रतिशत काम पूरा है। इन पुलिया को बनाने के लिए सिंचाई विभाग से ही एनओसी लेने में करीब तीन साल निकल गए। सिंचाई विभाग ने पिछले दिनों एनओसी दी तो अक्तूबर माह में इन पुलिया का निर्माण शुरू किया गया। एक पुलिया बन भी गई है। अब नहर में पानी है। इस कारण काम रुका हुआ है।
सड़क का सीधा जुड़ाव न होने से परेशान हैं लोग
एचएसवीपी ने 200 फुटा रोड का निर्माण तो पहले ही कर दिया था, लेकिन पुलिया के निर्माण की मंजूरी ना मिलने से रोहतक रोड का बाईपास से सीधा जुड़ाव नहीं हो सका था। इससे यहां से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। रोहतक रोड के पास नहरों पर पुलिया न बनने से ओमेक्स सिटी से होकर वाहन चालकों को आना-जाना पड़ता था।
वर्जन...
रोहतक रोड के नजदीक व बाईपास के पास नहरों पर पुलिया बनाने का काम चल रहा है। एक पुलिया बन गई है। अभी नहर में पानी है। जल्द ही इनका निर्माण दोबारा शुरू होगा और जनवरी माह तक इन पुलिया का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा। इसके बाद 200 फुटा रोड का निर्माण रोहतक रोड से बाईपास तक पूरा कर दिया जाएगा।
-आशीष छिल्लर, जेई, एचएसवीपी, बहादुरगढ़।