बहादुरगढ़। नगर परिषद की टीम का अतिक्रमण हटाओ व सफाई अभियान लगातार जारी है। बुधवार को पुराना कोर्ट परिसर में खाली जमीन पर सफाई करके जहां कूड़े का उठान कराया गया, वहीं शहर की सड़कों से अतिक्रमण भी हटाया गया।
नप दस्ते में शामिल सफाई कर्मचारियों ने वार्ड-6 की टैंकर वाली गली से अवैध कब्जा हटाया है। यहां पर कुछ लोगों की ओर से अवैध कब्जा किया गया था। इससे गली अवरुद्ध थी। लगातार नगर परिषद अधिकारियों को इसकी शिकायत मिल रही थी। नप टीम ने पुलिस बल को साथ लेकर कार्रवाई की है और अब गली खाली हो गई है। लोगों को आवागमन करने में भी परेशानी नहीं होगी। टीम ने वेस्ट जुआं ड्रेन रोड पर पावर हाउस के सामने तथा दिल्ली-रोहतक रोड पर सड़क किनारे सिविल अस्पताल के साथ बनी झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने पहुंचे थे। दोनों जगह टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। कुछ लोग यहां से झुग्गी-झोंपड़ी खुद ही हटा रहे हैं, जो शेष हैं उन्होंने कुछ दिन की मोहलत अधिकारियों से मांगी है। ऐसे में नगर परिषद की टीम में शामिल अधिकारियों ने दोनों जगह कब्जा करके बनाई गई झुग्गी झोपड़ी वालों को दो दिन का समय दिया है।
दो दिन में झुग्गी-झोपड़ी नहीं हटाई जाती हैं तो नप की टीम जेसीबी चलाकर उन्हें तोड़ देगी तथा दोनों सड़कों से इन्हें हटाकर खाली कराया जाएगा।
-सुनील हुड्डा, सफाई निरीक्षक नप, बहादुरगढ़।