झज्जर। इस्लामगढ़ में कई वर्षों से सड़क न बनने के कारण ग्रामीणों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन जाम लगता है। इस मार्ग पर कई निजी शिक्षण संस्थान हैं। ऐसे में हादसे भी होते रहते हैं। इस्लामगढ़ के ग्रामीणों ने चेताया है कि अगर तीन दिन के अंदर अगर रुका हुआ कार्य शुरू नहीं हुआ तो रोड जाम कर दी जाएगी।
ग्रामीणों के साथ जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि वीरभान ने प्रशासन को चेताया कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। बड़े-बड़े वाहन सड़क पर बने गड्ढों में फंस जाते हैं। पार्षद प्रतिनिधि ने कहा कि लगातार हादसों के कारण कई परिवारों के चिराग बुझ चुके हैं। काफी मशक्कत और सरकार के चक्कर लगाने के बाद इस मार्ग का टेंडर जारी हुआ था और काम भी शुरू हो चुका था, लेकिन एनजीटी की ओर से प्रदूषण को लेकर इस काम को रुकवाया गया था। अब एनजीटी ने भी काम की अनुमति दे दी है, लेकिन फिर भी प्रशासन के कारण काम शुरू नहीं हुआ है।
15.67 करोड़ रुपये का हुआ टेंडर
पार्षद ने बताया कि इस मार्ग का 15 करोड़ 67 लाख रुपये का टेंडर हुआ है जबकि काम अधर में ही लटका दिया गया। यह मार्ग झज्जर से दादरी और राजस्थान तक यह मार्ग जाता है। इसी क्षेत्र में जान-बुझकर मार्ग का निर्माण कार्य बीच में ही लटका दिया गया है।