झज्जर। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की मातनहेल ब्लॉक में मंगलवार को 29वें दिन भी हड़ताल जारी रही। इस दौरान धरने की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान राम भगत व संचालन संदीप कुमार मारौत ने किया। जिला प्रधान नरेश लडायन ने कहा कि हमारी हड़ताल को आज 29वां दिन हो चुका है, लेकिन सरकार हमारी कोई समस्या का समाधान नहीं कर रही है। उन्हाेंने बताया कि हड़ताल आगामी 10 नवंबर तक रहेगी। अगर 10 नवंबर तक सरकार की तरफ से हमारे हित में कोई सही फैसला आता है तो ठीक है वरना इसके बाद हम आगे भी हड़ताल बढ़ाने पर मजबूर होंगे। ग्रामीण सफाई कर्मचारी पिछले 17 साल से ग्राम पंचायतों में अपनी सेवाएं दे रहा है लेकिन आज तक कर्मचारी तक का दर्जा नहीं दिया। अगर सरकार समय रहते ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को पक्का नहीं करेगी तो आगामी 2024 लोकसभा व विधानसभा के चुनाव में ग्रामीण सफाई कर्मचारी इस बीजेपी सरकार का बहिष्कार करेंगे। मंगलवार को ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को कांग्रेसी नेता राजल एडवोकेट नौगांव ने धरने पर आकर समर्थन किया। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने अपना मांग पत्र भी सौंपा । उन्होंने कहा कि भविष्य में अगर कांग्रेस की सरकार बनेगी तो वह ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का काम करेगी। जिला सचिव संदीप कुमार मारौत ने कहा की जल्दी से जल्दी सरकार वार्तालाप करके हमारी समस्याओं का समाधान करें।