बहादुरगढ़। तेज बारिश के बाद शहर के नागरिक अस्पताल और लाइनपार में बराही फाटक के नजदीक जलभराव हो गया। निकासी व्यवस्था ठीक न होने के कारण यह हाल हुआ। अस्पताल में मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बराही फाटक पर वाहन चालकों व पैदल चलने वाले लोगों को काफी दिक्कत हुई। बुधवार को बहादुरगढ़ में 18 एमएम बारिश रिकार्ड की गई।
बुधवार सुबह हुई बारिश से अस्पताल के ट्रामा सेंटर की बिल्डिंग के आसपास से लेकर अस्पताल के ब्लॉक डी तक बारिश का पानी भर गया। मरीजों को काफी परेशानी हुई। छोटे-छोटे बच्चों को इलाज के लिए लेकर आने वाली महिलाएं अधिक परेशान नही। अस्पताल के ओपीडी काउंटरों के आसपास से लेकर मेन गेट तक जलभराव होने से अस्पताल में आने वाले लोगों को दिक्कतें हुई। मरीजों से समस्या के निदान की मांग की है।
शहर में नालों की सफाई नहीं होने व दूषित पानी की निकासी की व्यवस्था ठीक न होने के कारण झज्जर रोड़ पर सब्जी मंडी के बाहर, बराही फाटक के नजदीक भी काफी मात्रा में गंदा पानी जमा हो गया। इससे लोगों को आवागमन करने में काफी परेशानियां हुई। झज्जर रोड पर नाला पूरी तरह से ब्लाक है और उसमें से पानी की निकासी नहीं हो रही है। पानी जमा होने के बाद सड़क पर काफी गंदगी भी पड़ी रही। बराही फाटक पर बरसाती पानी के बीच से निकलने में न केवल पैदल चलने वाले लोगों ने परहेज किया बल्कि वाहन चालकों ने भी दूसरी दिशा से अपनी गाडिय़ां निकाली। 26 एमएम बारिश बुधवार को हुई।