जौहरी नगर में पानी के सेंपल भरते स्वास्थ्यकर्मी।
बहादुरगढ़। दो महीनों से कॉलोनी में दूषित पानी आने की शिकायत के बाद जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग ने लाइनपार स्थित जौहरी नगर कॉलोनी में पानी के सेंपल लिए हैं। यह सभी सेंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। यह पानी कसौटी पर कितना खरा उतरता है यह तो जांच के बाद ही पता चल सकेगा।
वार्ड-6 के जौहरी नगर की गली नंबर-2 में दो महीने से दूषित पानी सप्लाई हो रहा है। इसको लेकर कई बार जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिकायत की गई। अब जनस्वास्थ्य और स्वास्थ्य विभाग ने सुध ली है। जनस्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम में शामिल एमपीएचडब्ल्यू कर्मी व आशा वर्कर ने कॉलोनी में दो स्थानों से पानी के सेंपल भरे हैं।
जौहरी नगर निवासी शिव कुमार, प्रवीण कौशिक, सचिन ने बताया कि जौहरी नगर में जुलाई के प्रथम सप्ताह से ही कई गलियों में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से यहां एक दिन छोड़कर एक दिन पानी सप्लाई का शेड्यूल है। करीब 45 मिनट तक सप्लाई की जाती है। मगर सप्लाई में आने वाला पानी उनके किसी काम नहीं आ रहा है। पीना तो दूर उसे मुंह के नजदीक भी ले जाया जा सकता। पानी का रंग जहां काला होता है वहीं उसमें दुर्गंध उठती रहती है। कॉलोनी वासियों ने समस्या को लेकर आवाज उठाई। अधिकाारियों को दूषित पानी आने की वीडियो भी भेजी। इसके बाद जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने समस्या के समाधान की कोशिश की। कुछ स्थानों पर पेयजल लाइनों के साथ-साथ कनेक्शन भी चेक कराए गए। कई कनेक्शन सीवर लाइनों के साथ जुड़े मिले, लेकिन फिर भी पानी साफ नहीं आ रहा।
विभाग के कार्यकारी अभियंता से लेकर एसडीओ, जेई व सुपरवाइजर तक लोगों ने शिकायत की। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग कानोंदा पीएचसी से कर्मचारी रोहतास व आशा वर्कर कृष्णा की टीम ने जनस्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर मनोज की देखरेख में जौहरी नगर से पानी के दो जगहों से सेंपल भरकर उन्हें नागरिक अस्पताल की लैब में जांच के लिए भेजा है।