10jjrp11 झज्जर में स्थित सामान्य बस स्टैंड परिसर में हैपी कार्ड बनवाते लोग ।संवाद
झज्जर। हैप्पी कार्ड धारकों को अब रोडवेज बसों में यात्रा करते समय हैप्पी कार्ड के साथ पहचान पत्र भी रखना होगा। पहचान पत्र में कार्ड धारक आधार कार्ड, वोटर कार्ड या अन्य कोई फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ रख सकते हैं। रोडवेज को सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग दूसरों का हैप्पी कार्ड लेकर उस पर यात्रा कर रहे हैं। ऐसे में चेकिंग स्टाफ व परिचालकों को समस्या आ रही थी, क्योंकि हैप्पी कार्ड पर धारक का कोई फोटो नहीं लगा होता। यही नहीं, अब तक हैप्पी कार्ड धारकों का पहचान पत्र जांच करने के आदेश नहीं थे। अब रोडवेज की तरफ से सभी चेकिंग दस्ते व परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह टिकट बनाने से पहले संबंधित हैप्पी कार्ड धारक का पहचान पत्र अवश्य चेक करें।
अब तक 6014 लोग ही पहुंचे कार्ड लेने
बस अड्डा झज्जर व बहादुरगढ़ में प्रतिदिन हैप्पी कार्डों का वितरण किया जा रहा है। जिले में अब तक 14452 जोगों के कार्ड बनकर आ चुके हैं, जिसमें से अब तक केवल 6014 लोग ही अपने-अपने कार्ड लेकर गए हैं। बाकी 8437 लोगों के कार्ड विभाग के पास पड़े हुए हैं।
प्रतिदिन किया जा रहा 100 लोगों को फोन
रोडवेज की तरफ से प्रतिदिन 100 लोगों को फोन करके हैप्पी कार्ड ले जाने बारे बोला जा रहा है। उसके बावजूद भी लोग कार्ड लेने के लिए नहीं आ रहे हैं। प्रतिदिन 5 से 10 लोग ही कार्ड लेने के लिए आ रहे हैं।