साल्हावास। युवाओं में हथियार लेकर फोटो खींचवाना और फोटो को फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि सोशल मीडिया पर वायरल करना शौक हो गया है। साल्हावास क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ वीडियो अपलोड करना एक युवक को भारी पड़ गया है। युवक ने शौक-शौक में वीडियो इंस्टाग्राम पर डाली थी, अब यह वीडियो उसके लिए मुसीबत बन गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक ने साहिल नाम से इंस्टाग्राम पर आईडी बनाई हुई है। उसने अवैध हथियार सहित वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड की हुई है। अवैध हथियार युक्त वीडियो देखने के बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू करते हुए एक आरोपी को हुमायूंपुर लडायन रोड से गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार क्षेत्र के एक व्यक्ति ने दहशत फैलाने के लिए इंस्टाग्राम पर हथियार युक्त वीडियो अपलोड की हुई है। पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान हुमायूंपुर निवासी साहिल के तौर पर हुुई है। इस संबंध में एसआई रामपाल ने बताया कि आरोपी ने हथियार सहित वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करने की बात स्वीकार कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।