बहादुरगढ़। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र का में हवा लगातार साफ हो रही है। प्रदूषण भी इन क्षेत्रों में पीले रंग में पहुंचा है। इसके चलते वर्ष 2022 अक्टूबर में लगाया गया ग्रैप (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) अब दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से पूरी तरह से हटा लिया गया है। सीएक्यूएम की सब कमेटी की हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। हालांकि जरूरत पड़ी तो इसे फिर से लागू किया जा सकता है। सीएक्यूएम के अनुसार, पूर्वानुमान को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। साथ ही एजेंसियों को सलाह है कि वे प्रदूषण कम करने के नियमों का कठोरता से पालन करती रहे। ग्रैप-1 हटने के बाद बहादुरगढ़ के उद्योगपतियों ने भी राहत की सांस ली है। अब वे आसानी से अपनी फैक्टरियों को चला सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक प्रदूषण का स्तर सामान्य बना रहेगा। इसी पूर्वानुमान के आधार पर ग्रैप-1 को भी हटाया गया है। एक्यूआई 200 से ऊपर होता है तो ग्रैप-1 को फिर से लागू किया जा सकता है। इसके साथ ही सीएक्यूएम ने वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के अलावा सीपीसीबी (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के सभी नियम, गाइडलाइंस का पालन करते रहने को भी कहा है। अगर इन गाइडलाइंस का कहीं उल्लंघन होता है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात भी कही गई है।
हवाएं तेज रहेंगी
मौसम विभाग के अनुसार, अभी 12 मार्च तक प्रदूषण सामान्य स्तर पर रहेगा। इसके बाद अगले छह दिनों तक प्रदूषण के स्तर में हल्का उतार-चढ़ाव रहने की संभावना है। इस दौरान हवाएं तेज रहेंगी। 11 मार्च शनिवार को 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके बाद 12 मार्च को भी इनकी गति 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहेंगी।
इन बंदिशों से मिली राहत
- धूल उड़ने वाले निर्माण कार्यों पर थी रोक।
- मलबा फैलने वाली निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर लगाई गई थी रोक।
- नियमों के मुताबिक कचरे को उठाना और निस्तारण करना होगा।
- बाहर या खुले में कचरा न फैले, खुले में कचरे न जलाए जाएं।
- सड़कों पर मशीन से सफाई और पानी का छिड़काव।
- जहां भी सीएंडडी वेस्ट पड़ा हो वह उचित ढंग से ढका हो।
- निर्माण स्थल पर धूल रोधी गन जरूरी।
- ट्रैफिक संभालने के लिए प्रत्येक चौराहे पर यातायात कर्मी की तैनाती।
- प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर भारी जुर्माने का प्रावधान था।
- पटाखों के जलाने पर थी रोक।
शुक्रवार को दर्ज किया गया एक्यूआई
पिछले कई दिनों से बहादुरगढ़ की हवा बेहद साफ हो रही है। शुक्रवार को भी बहादुरगढ़ का एक्यूआई पीले रंग में दर्ज किया गया। एक्यूआई 113 रहा। जबकि अधिकतम यह 240 दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम केवल 25 रहा। राजधानी दिल्ली का एक्यूआई भी पीले रंग में 186 दर्ज किया गया। फरीदाबाद का एक्यूआई 141, गुरुग्राम का 174, नोएडा का एक्यूआई 159 पीले रंग में रहा। सोनीपत का एक्यूआई 112 पर पहुंचा। जबकि रोहतक की हवा इन सभी शहरों से ज्यादा साफ रही। रोहतक का एक्यूआई हरे रंग में 94 पर दर्ज किया गया। प्रदूषण का स्तर कम होने के बाद अब बहादुरगढ़ के उद्यमी आसानी से अपनी फैक्टरी चला सकते हैं।