बहादुरगढ़। गांव भापड़ौदा के मुस्कान फिलिंग स्टेशन पर बुधवार रात को कार में सवार होकर आए तीन युवकों ने 1450 रुपये का तेल डलवाया और फिर पिस्तौल के बल पर सेल्समैन से सात हजार रुपये लूट लिए।
सेल्समैन पर एक युवक ने सिर व पैर में बट मारा तथा दूसरे ने पीछे से उसकी गर्दन पकड़ ली। साथी सेल्समैन शोर सुनकर आए तो दो युवकों ने उन्हें भी पिस्तौल दिखाकर रोक दिया और फिर कार में सवार होकर फरार हो गए।
पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी तो मांडौठी चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और सेल्समैन के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव छारा निवासी देवेंद्र ने बताया कि वह भापड़ौदा के मुस्कान फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप पर सेल्समैन हैं। बुधवार रात करीब 11 बजे एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार पंप पर आई और हॉर्न बजाने लगी। वह कमरे से निकलकर गाड़ी के पास आया तो तेल डालने के लिए पूछा।
कार की अगली कंडक्टर सीट से एक युवक उतरा और 1450 रुपये देते हुए पेट्रोल डालने के लिए बोला। पैसे उसने अपनी जेब में डाल लिए और कार में वह पेट्रोल डालने लगा तो कार से एक और युवक नीचे उतरा और पीछे खड़ा हो गया। जैसे ही पेट्रोल डाला तो पीछे खड़े युवक ने उसकी गर्दन दबोच ली। दूसरे लड़के ने पिस्तौल निकालकर सिर और पैर पर उसके बट मारे। उसने शोर मचाया तो साथी सेल्समैन बचाने को आए।
इसी दौरान गाड़ी से तीसरा युवक भी नीचे उतरा और पिस्तौल दिखाकर साथी सेल्समैन को रोक दिया। फिर तीनों ने पांच-सात हजार रुपये छीन लिए और नीचे गिराकर कार में सवार होकर सांपला की तरफ फरार हो गए। कार पर आगे और पीछे नंबर प्लेट भी नहीं थी। इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मांडौठी पुलिस चौकी से टीम पहुंची और देवेंद्र के बयान पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। लुटेरों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।फ