बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रोड़ पर महावीर पार्क कॉलोनी के सामने एक निजी बस चालक ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवती की मौत हो गई जबकि युवक गंभीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए रोहतक के पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया है। युवती के शव का रविवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर वारिसों को सौंप दिया गया। थाना सेक्टर-6 पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मौत का शिकार हुई युवती शिवानी गाजियाबाद के कड़कड़ मॉडल की रहने वाली थी। युवक सुनील कुमार भिवानी का निवासी था। इस संबंध में फूलपुरा, जिला भिवानी निवासी दिनेश ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि 30 सितंबर को वह अपनी मोटरसाइकिल से अपनी मंगेतर शिवानी का इंटरव्यू दिलवाकर मेट्रो स्टेशन बहादुरगढ़ छोड़ने जा रहा था ।जब वह महावीर पार्क कॉलोनी के सामने पहुंचा तो पीछे एक बस चालक ने उनकी मोटरसाइकिल में साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे दोनों मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गए। शिवानी के ऊपर से बस का टायर निकल गया। राहगीरों ने उसे संभाला और उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां इलाज के दौरान शिवानी की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
संदिग्ध हलात में युवक की मौत
बहादुरगढ़। लाइनपार क्षेत्र के न्यू पटेल पार्क में संदिग्ध हालात में एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसकी पहचान न्यू पटेल पार्क निवासी कर्मबीर के रूप में हुई है। कर्मबीर बिजली मेकेनिक का काम करता था। रविवार की सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी सचिन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर वारिसों को सौंप दिया है। आंशका है कि उसकी मौत हृदयघात से हुई हो। सही कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा। संवाद