मांडोठी गांव में मतदान केंद्र का निरीक्षण करते सामान्य पर्यवेक्षक डॉ. एन प्रभाकर रेडी।
बहादुरगढ़। रोहतक संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के सामान्य पर्यवेक्षक डॉ. एन प्रभाकर रेडी ने वीरवार को बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव मांडोठी, आसौदा सिवान व टोडरान में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। वहीं गांव टांडाहेड़ी गांव में ग्रामीणों से बातचीत की। इस मौके पर डीएसपी राजेन्द्र सिंह, डीआरओ रोहतक़ कनब सिंह लाकड़ा, बहादुरगढ़ के नायब तहसीलदार रविंद्र शर्मा भी मौजूद रहे।
सामान्य पर्यवेक्षक ने सर्वप्रथम बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव आसौदा सिवान, टोडरान, गांव मांडोठी सहित अन्य गांवों में बनाए गए पोलिंग बूथों का भी जायजा लिया। उन्होंने पुलिस द्वारा लगाये गए नाकों का निरीक्षण भी किया और सुरक्षा संबंधी तैयारियों बारे चर्चा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से लाइसेंस शस्त्रों की जानकारी ली और कहा कि चुनाव के चलते जिन्होंने शस्त्र जमा नहीं कराए हैं, ऐसे नागरिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लाइसेंस रद्द किए जाएं। साथ ही गांव मांडोठी में शराब ठेके पर स्टॉक रजिस्टर से उपलब्ध शराब का मिलान किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शराब ठेकों के स्टॉक का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। सामान्य पर्यवेक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि बूथ पर सभी प्रकार की आवश्यक सुविधाएं होनी चाहिए। बूथ पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हो, जहां रैंप नहीं बने हैं, वहां पर तुरंत प्रभाव से रैंप बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए बुजुर्गों और दिव्यांगों की सहायता के लिए संबंधित बीएलओ की देखरेख में वॉलिंटियर मौजूद रहने चाहिये। इस मौके पर बहादुरगढ़ के बीडीपीओ उमेद सिंह, डीआईपीआरओ कुलदीप सिंह बांगड़, पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार,प्रवीण कुमार, सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर सुपरवाइजर व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।