बहादुरगढ़। स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर आयोजित समारोह में हिस्सा लेने जा रहे लोगों की सहूलियत के लिए मेट्रो सर्विस सुबह जल्दी शुरू की जाएगी। जिन लोगों के पास समारोह के रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी वैध निमंत्रण पत्र होंगे या जिन लोगों की वहां ड्यूटी लगी होगी, ऐसे लोग पुलिस या सुरक्षा एजेंसियों द्वारा उन्हें जारी किए गए वैध पहचान पत्र दिखाकर मेट्रो में फ्री यात्रा करके लाल किले तक आ-जा सकेंगे। वीरवार के दिन दिल्ली मेट्रो सुबह चार बजे से शुरू होगी। डीएमआरसी की ओर से इस संबंध में एडवाइजरी जारी की गई है। डीएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि निमंत्रण पत्र पर जिन लोगों का नाम लिखा होगा, उन्हें अपनी पहचान की पुष्टि करने के लिए अपना कोई सरकारी आईकार्ड भी दिखाना होगा।स्वतंत्रता दिवस के दिन आमजन की सुविधा के लिए मेट्रो के सभी पार्किंग स्थल खुले रहेंगे। संवाद