बेरी। थाना बेरी के अंतर्गत आने वाले गांव दुबलधन के एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर वृंदावन के पास प्लॉट व हेल्थ उत्पाद का झांसा देकर महिला से साढ़े चार लाख की धोखाधड़ी कर ली। धोखाधड़ी की शिकायत महिला ने पुलिस को दी। इस संबंध में पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मोखरा निवासी महिला सुमन ने बताया कि उसके पति रविंद्र की करीब 30 साल से गांव दुबलधन निवासी बलजीत से दोस्ती है। बलजीत का उनके घर आना-जाना भी है। वर्ष 2019 में उसके पति बलजीत के पास घर पर गए थे। बलजीत ने एक निजी कंपनी के बारे में बताया। निजी कंपनी में 100 गज का प्लॉट और हेल्थ उत्पाद को लेकर बलजीत ने रविंद्र के साढ़े 4 लाख रुपये लगवा दिए, लेकिन अब तक कोई प्लॉट नहीं मिला है। इसके चलते उनके साथ साढ़े चार लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। जब वृंदावन में सोसायटी के बारे में जांच की गई तो वहां भी कोई ऐसी सोसायटी इनके द्वारा नहीं मिली। पुलिस ने इस मामले में कंपनी के सीईओ व मालिक सोनीपत के गोहाना तहसील के गांव पुट्ठी निवासी श्रीभगवान धनखड़, निदेशक प्रिंस धनखड़, गौरव धनखड़, कुलबीर धनखड़ के खिलाफ केस दर्ज किया है। बेरी थाना प्रभारी अमित का कहना है कि साढ़े चार लाख रुपये की धोखाधड़ी होने की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है।