बहादुरगढ़। नजफगढ़ रोड स्थित सैनीपुरा मोहल्ले के नजदीक हार्डवेयर की दुकान में शुक्रवार की देर रात अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना जैसे ही दुकान मालिक रामफल पांचाल को मिली तो वे तुरंत दुकान की तरफ दौड़े और मौके पर पहुंचे। शटर खोलकर देखा तो भयंकर आग लगी हुई थी। दुकान मालिक ने तुरंत पुलिस और दमकल को आग लगने की जानकारी दी। इस पर दमकल की दो गाड़ियां आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने तुरंत आग को काबू करने के प्रयास शुरू किए। आग को बुझाने में दमकल कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग दो घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। दुकान में आग लगने से लाखों का माल जलकर नष्ट हो गया। दुकानदार मालिक रामफल पांचाल ने बताया कि शुक्रवार की शाम दुकान को ठीक तरीके से बंद करके गए थे। रात करीब डेढ़ बजे उन्हें फोन पर किसी राहगीर द्वारा आग लगने की सूचना दी गई। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब चार बजे आग पर काबू पाया। दुकान मालिक ने आशंका जताई कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी है। इससे लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया।