फोटो : आग बुझाने के लिए पहुंची दमकल की गाड़ी।
बहादुरगढ़। आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फुटवियर फैक्ट्री में रविवार की शाम आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। दमकलकर्मी कई गाड़ियों से बचाव कार्य में जुटे थे। देर शाम तक आग नहीं बुझ पाई थी।
दिल्ली के निवासी सनी गोयल की एमआईई पार्ट-ए में स्ट्राइकर इंडस्ट्रीज नाम से फैक्ट्री है। इसमें जूते-चप्पल आदि बनाए जाते हैं। रविवार शाम कंपनी में काम चल रहा था। करीब पांच बजे अचानक आग लग गई। ज्वलनशील पदार्थ होने के चलते आग तेजी से फैलती गई। कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकल कर अपनी जान बचाई।
दमकल विभाग को हादसे की सूचना दी गई। दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक आग काफी भड़क चुकी थी। देर शाम तक आग नहीं बुझ पाई थी। आग से काफी माल जल गया। फैक्ट्री भवन को भी क्षति पहुंचने की बात सामने आई है। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।