बहादुरगढ़। देशलपुर गांव में सिलिंडर में आग लगने से वह फट गया। इससे घर में आग लग गई। घर का लाखों का सामान और 30 हजार नगदी जल गए। परिजनों ने घर से बाहर दौड़कर जान बचाई। ग्रामीणों ने प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने भी पहुंचकर पड़ताल की।
सिलिंडर फटने की घटना शुक्रवार सुबह देशलपुर निवासी जयकिशन के घर में हुई। जयकिशन ने बताया कि सुबह ही उन्होंने एजेंसी से सिलिंडर मंगवाया था। जैसे ही उन्होंने सिलिंडर लगाकर गैस पर काम करना शुरू किया तो अचानक आग भड़क गई। आग लगने पर वह घर से बाहर आ गया। उसके साथ उसका चार वर्षीय पोता भी था। देखते ही देखते आग भड़क गई और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर आस पड़ोस के ग्रामीण भी पहुंचे। सभी ने आग को बुझाने के भरपूर प्रयास किए, लेकिन जब तक आग बुझ पाती तब तक घर का सारा सामान जल चुका था और घर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जयकिशन के अनुसार, सिलिंडर फटने से रसोई के सारे बर्तन, घर की लकड़ी की कड़ी, दरवाजे, वाशिंग मशीन, फ्रिज, कूलर, पंखे, बैड समेत अन्य सामान जल गया। जयभगवान का कहना है कि घर के बैड पर रखी करीब 30 हजार रुपये की नकदी भी इस आग की भेंट चढ़ गई। उन्होंने बताया कि 30 हजार रुपये उन्होंने अपने बच्चों के स्कूल में दाखिला करवाने के लिए रखे थे। घर में अनेक स्थानों पर दरारें भी आई हैं। इस आग से जयभगवान को लगभग तीन-चार लाख का नुकसान हुआ है। सिलिंडर फटने से लगी आग के कारण पड़ोस के कई लोगों के घरों की बिजली तारें भी जल गई। आग बुझाने के लिए पड़ोसी सुनील कुमार, अनिल, कलीराम, अश्वनी व विनय के अलावा अन्य ग्रामीणों ने भी मदद की।