बहादुरगढ़। एचएसआईआईडीसी के सेक्टर-17 स्थित एक जूते-चप्पल बनाने वाली फैक्टरी में शुक्रवार की सुबह भीषण आग लग गई। आग से फैक्टरी में रखा कच्चा व तैयार माल जलकर राख हो गया। कई मशीनें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। आग लगने की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। अलग-अलग स्थानों से गाड़ियां आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने तत्काल आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। आग चार घंटे में काबू हो सकी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं है, लेकिन इस फैक्टरी में डेढ़ महीने के अंदर आग लगने की यह दूसरी घटना है। अग्निशमन विभाग के अधिकारी और अन्य कई उद्योगपति भी मौके पर पहुंच गए थे।
दरअसल, दिल्ली के निवासी राजेश शर्मा की यहां सेक्टर-17 में इना फुटवियर नाम से कंपनी है। इसमें जूते-चप्पल आदि तैयार किए जाते थे। 17 मई की रात को इस कंपनी में आग लग गई थी। आग के कारण फैक्ट्री का सारा माल जल गया था और मशीनें नष्ट हो गई थी। अभी हाल ही में ऊपरी तल पर मशीनें और माल रखा गया था। इसी बीच शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे फिर से आग लग गई। ज्वलनशील पदार्थ के चलते आग तेजी से फैल गई और आग ने माल व मशीनों को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री कर्मियों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और दमकल विभाग को सूचना दी गई। पहले विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। इसके बाद और गाड़ियां बुलाई गई। झज्जर और रोहतक से भी दो-दो गाड़ियां पहुंची। दोपहर तक दर्जनभर गाड़ियों के सहारे दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे रहे। हालांकि आग पर अग्निशमन कर्मचारियों ने चार घंटे में काफी हद तक नियंत्रण पा लिया था, लेकिन पूरी तरह से नहीं बुझ पाई थी। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है, शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। मालिक को फैक्ट्री में आग लगने से काफी नुकसान हुआ है। नुकसान का सही आंकलन बाद में ही लग पाएगा।
आग लगने की सूचना मिलते ही गाड़ियां भेज दी गई थी। वह खुद भी तत्काल मौके पर आए। आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। आग लगने का कारण जांच का विषय है। नुकसान का आंकलन भी जांच के बाद ही बताया जा सकेगा।
-राजेंद्र सिंह, दमकल अधिकारी।
-फोटो 60 : फैक्टरी में लगी आग को बुझाने पहुंची अग्निशमन विभाग की गाड़ियां।
-फोटो 61 : फैक्टरी में लगी आग को बुझाने पहुंची अग्निशमन विभाग की गाड़ियां।