बेरी। धर्मनगरी बेरी के मां भीमेश्वरी देवी मंदिर में 9 से 11 अक्तूबर तक लगने वाले अश्विन नवरात्र मेला को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी आरंभ हो चुकी है।
एसडीएम रविंद्र मलिक ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित एसडीएम कार्यालय में अश्विन नवरात्र मेला की तैयारियों की समीक्षा के लिए संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि देवी मेले के दौरान दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। इसके लिए प्राथमिकता से व्यवस्था करें।
एसडीएम ने कहा कि तीन अक्तूबर से नवरात्र प्रारंभ होंगे। 9 से 11 अक्तूबर को मुख्य मेला होने के कारण भारी संख्या में श्रद्धालुओं के मेले में पहुंचने का अनुमान है। एसडीएम ने मेला परिसर में रिकवरी वैन, हेल्थ सेंटर, फायर ब्रिगेड, वाॅटर टैंकर, स्वच्छता, रेडक्रॉस वालंटियर, चढ़ावे व पार्किंग को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मेला परिसर में जरूरत अनुसार बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मेले में सुरक्षा इंतजामों, पार्किंग व यातायात व्यवस्था को सुचारू ढंग से बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरा के जरिए भी मेला परिसर की निगरानी रखी जाएगी। इस अवसर पर तहसीलदार जगदीश बिश्नोई, बीडीपीओ राजाराम, नगरपालिका सचिव ललित गोयल, नायब तहसीलदार ऋतु रानी, एसएमओ बेरी डॉ सुभाष चंद्र, वेटरनरी सर्जन डॉ प्रवीण कादयान, देवी मंदिर से पंडित कुलदीप वशिष्ठ, एसडीओ लोकनिर्माण विभाग अजय हुड्डा, एआईपीआरओ डॉ. अश्विनी शर्मा, रेडक्रॉस सोसायटी से सुषमा रानी, सचिव मार्किट कमेटी संजय फोगाट, बिजली निगम के एसडीओ सुनील कुमार, नपा जेई रोहित लोहचब उपस्थित रहे।