बहादुरगढ़। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का पालन करने, साइबर क्राइम की घटनाओं को रोकने के लिए आमजन को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया है। वीरवार को आसौदा के पास हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के एलपीजी बॉटलिंग प्लांट परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कंपनी कर्मचारियों व टैंकर चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उनका पालन करने, साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले ठगी के तौर-तरीकों और उनसे बचाव व सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां रखने व नशा के दुष्प्रभावों बारे जागरूक किया गया।
विशेष जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस के सड़क सुरक्षा सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक सतीश कुमार व यातायात समन्वयक सतप्रकाश की टीम ने वाहन चालकों व कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और हर तरह के नशे को त्यागने बारे जागरूक किया। वक्ताओं ने किसी भी सूरत में अपने बैंक खाता से संबंधित कोई भी जानकारी अथवा पासवर्ड इत्यादि को किसी से भी शेयर न करने, किसी के कहने पर कोई भी ऐप डाउनलोड न करने और लोन के संबंध में कोई भी एप्लीकेशन डाउनलोड न करने न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करेें, किसी अनजान के कहने पर कोई भी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन न करें और किसी भी अज्ञात नंबर से आई वीडियो कॉल को रिसीव न करें। उपरोक्त के अलावा नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए हर तरह का नशा छोड़ने और सड़क हादसों में होने वाली जानमाल की हानि को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन करने बारे जागरूक किया गया। अभियान के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में टैंकर चालक व कंपनी कर्मचारी मौजूद रहे।