इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला परिवर्तन यात्रा के दौरान लोगों का अभिवादन करते हुए। संवाद
झज्जर। परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार यात्रा वीरवार को 46वें दिन में प्रवेश कर गई। हरियाणा परिवर्तन यात्रा के 46वें दिन इनेलो प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने हलका झज्जर के गांव मातनहेल, मुंदसा, अमादलपुर शाहपुर, अकेहडी मदनपुर, बिरड़, लडायन, जमालपुर व साल्हावास का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया। बताया कि गांव में उन्हें यही सुनने को मिला कि वह मौजूदा जनविरोधी शासन से छुटकारा चाहते हैं। ग्रामीणों ने भीषण गर्मी में प्रदेशवासियों के हित के लिए यात्रा निकालने पर अभय चौटाला की पीठ थपथपाई और उन्हें समर्थन रूपी अपना आशीर्वाद दिया। इस मौके पर लोगों ने इनेलो नेता का जोरदार स्वागत किया। अभय चौटाला ने सबका आभार जताते हुए कहा कि वह इस सम्मान को कभी भूल नहीं पाएंगे और इनेलो की सरकार बनने पर हलके के विकास में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। यहां के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा और जब तक रोजगार नहीं मिलता, तब तक 21 हजार रुपये प्रतिमाह भत्ता दिया जाएगा। पुलिस विभाग में 20 हजार से अधिक पद खाली पड़े हैं। कहा कि आज प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। शिक्षकों के 25 हजार से अधिक पद खाली हैं। सरकारी अस्पतालों में दवाइयां व चिकित्सक नहीं हैं। सरकार किसानों को मुआवजा देने की बजाय किसानों को सर्वे और दस्तावेज पूरे करने के नाम पर परेशान कर रही है। सरकार को तत्काल किसानों को 50 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देना चाहिए।