बहादुरगढ़। यूं तो रेलवे रोड 60 फीट चौड़ा है, लेकिन अतिक्रमण के चलते यह केवल 20 फीट रह गया है। दुकानाें के आगे सामान रखा जाता है। इसके आगे ठेली और सड़क के बीच वाहनों की पार्किंग के कारण सड़क की चौड़ाई एक तिहाई रह गई है। यहां से दुपहिया वाहन से निकलना भी मुश्किल है। आए दिन राहगीरों ने आतिक्रमण करने वालों से कहासुनी होती है, लेकिन इस तरफ न तो नप ध्यान दे रही है और न ही पुलिस प्रशासन। लोगों ने कार्रवाई की मांग की है। यातायात पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को इस दिशा में नगर परिषद की टीम को साथ लेकर अभियान चलाया जाएगा। साथ ही बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले वाहनों के चालान किए जाएंगे।
शहर की अग्रवाल कॉलोनी निवासी सत्यवान, विक्रम शर्मा, नई बस्ती निवासी विवेक कुमार, अमित खत्री, संदीप शर्मा ने कहा कि रोहतक मोड़ से लेकर रेलवे स्टेशन तक सड़क पर अतिक्रमण का बुरा हाल है। सड़क के दोनों ओर बनाई गई सफेद पट्टी से भी आगे रेहड़ी खड़ी होने के कारण लोगों को पैदल चलने में भी मुश्किल हो रही है। अनेकों बार नगर परिषद और यातायात विभाग को दुकानदारों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण के संबंध में शिकायत दी गई है। साथ ही सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले वाहनों के बारे में भी बताया गया है, लेकिन पुलिस केवल चालान काटने तक सीमित हो रही है। इन वाहनों को यहां खड़ा होने से नहीं रोका जा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी रेलवे रोड़ के मोड़ और रेलवे स्टेशन के नजदीक होने लगी है।
कार निकलना भी होती है मुश्किल
सुबह के समय रेलवे रोड़ खुला-खुला नजर आता है, लेकिन शाम होते-होते यह इतना घिर जाता है कि इससे लोगों को निकलना मुश्किल हो जाता है। लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर परिषद और यातायात पुलिस द्वारा इस संबंध में सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। ताकि लोगों को आवागमन में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
रेलवे रोड़ मोड़ पर ई-रिक्शा चालकों का कब्जा
रेलवे रोड़ के मोड़ पर ई-रिक्शा चालकों की एक-दो नहीं बल्कि चार-चार लाइनें लगी रहती है। इससे यहां से वाहन मोड़ना बेहद मुश्किल हो जाता है। वहीं गलत दिशा में लोगों की गाड़ियां खड़ी होने से लोगों को रेलवे स्टेशन से तक पहुंचने में 15-20 मिनटों का समय लग जाता है। हालांकि रेलवे रोड़ के मोड़ से यह रास्ता तय करने में केवल दो-तीन मिनट ही लगते हैं।
वर्जन...
नगर परिषद के साथ मिलकर सोमवार को अभियान चलाया जाएगा। अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त करने के साथ-साथ बेतरतीब ढंग से खड़ी होने वाली गाड़ियों के चालान किए जाएंगे। लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-नरेश संधू, एसएचओ, टै्रफिक बहादुरगढ़।
-