झज्जर। सिविल सर्जन कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों को अब प्रतिदिन 10 मिनट का योगा ब्रेक मिलेगा। इस दौरान कर्मचारियों को योग करना होगा। इसके लिए कोई समय निर्धारित नहीं किया गया है बल्कि सुबह 10 से 12 बजे के बीच कर्मचारी खुद दस मिनट का समय अपने लिए निकालेंगे और योग करेंगे।
सिविल सर्जन ने कर्मचारियों को तनाव मुक्त रखने का प्लान तैयार कर लिया है। उन्होंने कर्मचारियों से कहा है कि वे तनाव मुक्त और तरोताजा होने के लिए काम के दौरान योग विराम लें। सीएमओ का मानना है कि ऐसा इसलिए किया गया है ताकि कर्मचारी बेहतर तरीके से काम पर ध्यान दे सकें। इसकी शुरुआत सिविल सर्जन की तरफ से योग दिवस पर की गई, जिसका अनुसरण कर्मचारियों की तरफ से भी किया जा रहा है। अधिकारी और कर्मचारी अब अपने कार्यालय की कुर्सी पर बैठे-बैठे छोटी अवधि के योगाभ्यास कर सकते हैं। इससे काफी राहत उनको मिलेगी। सीएमओ ने पहले से कई प्रयास किए हैं। उन्होंने सुबह की प्रार्थना शुरू करवा रखी है।