रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर एनएच-48 स्थित गांव जड़थल के पास एक कंपनी से कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाए जाने को लेकर यूनियन विरोध में उतर आई है। इसके चलते सैकड़ों कर्मचारी वीरवार को दूसरे दिन भी कंपनी के बाहर धरने पर बैठे रहे। तनावपूर्ण स्थिति के मद्देनजर मौके पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी व भारी पुलिसबल मौजूद रहा। प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच शुरू हुए इस टकराव को खत्म करने के लिए वार्ता का रास्ता भी अपनाने का प्रयास हुआ, मगर सिरे नहीं चढ़ पाया, क्योंकि यूनियन एक भी कर्मचारी को बाहर निकालने पर सहमत नहीं है।
कंपनी का तर्क है कि कंपनी के नियम और शर्तों के अनुसार कार्य नहीं कर रहे। जिस वजह से कंपनी ने 2 लोगों बर्खास्त किया गया है और 40 को निलंबित किया है। इधर, यूनियन प्रधान कुलदीप सिंह का कहना है कि कंपनी प्रबंधन ने मनमर्जी करते हुए कर्मचारियों को बाहर निकाला है। जब तक प्रबंधन फैसला वापस नहीं लेता, विरोध जारी रहेगा। आज फिर से वार्तालाप हो सकती है।
कंपनी प्रबंधन की ओर से विजय शर्मा ने बताया कि नियम और शर्तें पूरी नहीं होने के चलते 2 कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए बर्खास्त किया गया है। वहीं 40 कर्मचारियों को अलग-अलग कारणों से निलंबित किया गया है। पूरी प्रक्रिया पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के संज्ञान में लाकर की गई है। यूनियनबाजी के चलते कुछ लोग मनमर्जी करते हुए लंबे समय से ड्यूटी पर ही नहीं आ रहे थे।