झज्जर। प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर शनिवार को जिले भर में एक घंटे का श्रमदान चलाया गया। नगर परिषद के अधिकारी और चेयरमैन शहीदी पार्क पर पहुंचे, लेकिन यहां पहुंचने पर चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने उनको वार्डों में शनिवार को चलाए जाने वाले सफाई अभियान के बारे में जानकारी नहीं देने पर सवाल किया।
इस पर नगर परिषद सचिव राजेश महत्ता ने चेयरमैन को बताया कि इस बारे में जिला नगर आयुक्त को सूचित कर दिया था। इस पर चेयरमैन ने जिला नगर आयुक्त से तुरंत फोन पर बात की और उनको जानकारी नहीं देने का कारण पूछा। दोनों के बीच पांच से सात मिनट तक बातचीत हुई और डीएमसी ने चेयरमैन को रविवार को कलश यात्रा के समापन उनसे कराने की बात कही। इसके बाद चेयरमैन ने सफाई अभियान की झंडी दिखाकर शुरुआत की। इससे पहले शहीदी पार्क में होने वाले कार्यक्रम की शुरुआत प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने करनी थी, लेकिन इसकी औपचारिक शुरुआत लघु सचिवालय से कर अधिकारी किसी काम से दूसरे स्थान पर चले गए। इसके चलते बाद में मौके पर मौजूद चेयरमैन ने कार्यक्रम की शुरुआत की। शहीदी पार्क में लगे तिरंगे की हालत भी ठीक नहीं है। लेकिन उसे बदला नहीं जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान भी किसी की नजर यहां नहीं जाती। शहीदी पार्क परिसर में नगर परिषद प्रशासन चेयरमैन सहित पूरा अमला पहुंचा और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था पूरी तरह से दुरुस्त नहीं हुई। शहीदी पार्क में कूड़ा करकट के ढेर लगे रहे और पार्क परिसर में बने म्यूजिकल फव्वारा की होदी में गंदा, हरे रंग का पानी दूषित था।
वर्जन
उनको आज मौके पर ही वार्डों की सफाई के बारे में जानकारी मिली थी। इस बारे में सचिव नप से बातचीत हुई। उन्होंने डीएमसी से बात करवाई तो स्थिति स्पष्ट हुई। शहीदी पार्क से कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।
जिले सिंह सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, झज्जर