भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिले में नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक एमए पंडया, हुलियानलाल गुइटे, पुलिस पर्यवेक्षक हरीश चंद्र व खर्च पर्यवेक्षक अमिताव भट्टाचार्य रविवार की शाम राजकीय नेहरू कॉलेज सभागार में विधानसभा चुनाव 2019 की प्रक्रिया से जुड़ी जिला की सभी टीमों से रूबरू हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संजय जून व एसएसपी अशोक कुमार की उपस्थिति में पर्यवेक्षकों ने संबंधित टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ने बताया कि विधानसभा चुनाव प्रक्रिया को लेकर विधानसभावार सहायक व्यय पर्यवेक्षक टीम, व्यय निगरानी सेल, लेखा टीम, वीडियो व्यूइंग टीम, वीडियो सर्विलांस टीम, स्टेटिक सर्विलांस टीम, लिकर मॉनीटरिंग सेल के साथ-साथ जिला स्तर पर शिकायत निगरानी सेल एवं कंट्रोल रूम, सिंगल विंडो परमिशन, सी-विजिल एप टीम तथा मीडिया सर्टिफिकेशन-मॉनीटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) कमेटी का गठन किया गया है। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट व सेक्टर सुपरवाइजर की नियुक्ति के साथ-साथ सुरक्षा के लिए पुलिस व पैरा मिलिट्री फोर्सेज भी एक्टिव है। उपायुक्त ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू करने व चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न कार्यों को लेकर सभी टीम भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्य कर रही है। जिले में चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पीठासीन व सहायक पीठासीन अधिकारियों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पर्यवेक्षकों ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चुनाव संबंधी कार्यों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के स्पष्ट नियम है ऐसे में संबंधित टीम के सभी अधिकारी व कर्मचारी गंभीरता से कार्य करें। चुनाव प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता को लेकर सभी टीम संवेदनशीलता के साथ काम करें ताकि कहीं भी नियम का उल्लंघन को हो तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं बैठक के उपरांत लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में 21 अक्तूबर को होने वाले मतदान के लिए नियुक्त होने वाले पोलिंग स्टाफ का रेंडमाइजेशन किया गया। सामान्य पर्यवेक्षक एमए पंडया, हुलियानलाल गुइटे, उपायुक्त संजय जून व सभी विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों की उपस्थिति में कंप्यूटराइज्ड तरीके से पोलिंग स्टाफ का रेंडमाइजेशन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त जगनिवास, बेरी के एसडीएम डॉ. राहुल नरवाल, बहादुरगढ़ के एसडीएम तरुण पावरिया, सीटीएम अजय चोपड़ा, झज्जर की एसडीएम शिखा, बादली के एसडीएम विशाल कुमार, डीएसपी मुख्यालय रणबीर सिंह, अजायब सिंह, अशोक कुमार, राहुल देव व नरेश कुमार सहित संबंधित टीम के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।