बेरी। थाना बेरी के अंतर्गत वाले गांव मांगावास में एक बुजुर्ग महिला पर चोर ने चाकू से वार कर दिया। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के लिए बेरी के नागरिक अस्पताल भर्ती करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई एमएस रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस को दी शिकायत में बुजुर्ग महिला की पुत्रवधू सुशीला ने बताया कि सास निर्मला खेत गई थीं। जब खेत से घर लौटी तो घर में पहले से चोरी करने के लिए घुसा गांव मांगावास निवासी विकास उर्फ मनीया ने बुजुर्ग महिला को देखते ही चाकू से कई जगह वार कर दिए। इसके बाद युवक भाग गया। महिला को बेरी भर्ती करवाया गया था।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई एमएस रोहतक रेफर कर दिया। परिजनों ने मकान में रखी अलमारी में सामान चेक किया तो एक सोने की अंगूठी व 50 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। तेजधार हथियार से हमला करने व चोरी करने की शिकायत बेरी थाने में दर्ज करवाई।
गांव मांगावास में बुजुर्ग महिला पर पहले से ही घर में मौजूद युवक ने चाकू से हमला करने की शिकायत मिली है। गांव के युवक विकास उर्फ मनीया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जयकरण, जांच अधिकारी, बेरी थाना