बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में एक बुजुर्ग किसान से ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मी बताकर खाताधारक को बातों में उलझाया और धोखाधड़ी कर 1 लाख 20 हजार नकद निकालकर फरार हो गया। थाना शहर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित जयकरण (68) निवासी पाना मतडिया गांव मांडौठी का रहने वाला है। थाना शहर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। बैंक में लगे सीसीटीवी के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। थाना शहर एसएचओ जमील अहमद ने कहा कि बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।