बहादुरगढ़। होलाष्टक लग चुका है, शुभ कार्यों पर विराम है। फिलहाल सभी होली की मस्ती में डूबे हुए हैं। बीच-बीच में शादियों की तैयारियां भी लोग कर रहे हैं। वैवाहिक व अन्य मांगलिक कार्यक्रम 13 अपै्रल को खरमास खत्म होते ही शुरू हो जाएंगे, लेकिन अपै्रल में विवाह के लिए सिर्फ आठ ही लग्न हैं। ये लग्न 13 से 26 अप्रैल के ही बीच हैं। इसके बाद जुलाई में शहनाई बजेगी। इस माह में भी मांगलिक कार्यों के लिए सात शुभ मुहूर्त हैं।
काठ मंडी स्थित शिव-हनुमान मंदिर के पुजारी पंडित सीयाराम ने बताया कि मई और जून में इस साल एक भी लग्न नहीं है, क्योंकि गुरु व शुक्र अस्त रहेंगे। पंडित सीयाराम ने बताया कि अप्रैल के आठ दिनों में शहर में 200 से अधिक शादियां होने का अनुमान है। 29 अपै्रल से शुक्र और 6 मई से गुरु अस्त हो जाएंगे। इसके बाद मांगलिक कार्य नहीं होंगे। शादियों पर भी ब्रेक लग जाएगा। ज्योतिषाचार्य लालचंद कॉलोनी निवासी रमेश भगत ने बताया कि 29 अपै्रल से शुक्र और 6 मई से गुरु अस्त होगा। 8 जुलाई तक ये स्थिति रहेगी। इसके बाद 9 जुलाई को विवाह और मांगलिक कार्य शुरू होंगे। जुलाई महीने में शादियों के सात मुहूर्त हैं। बता दें कि 17 मार्च से होलाष्टक शुरू हो गए हैं।
अपै्रल में इन तारीखों में होंगे मांगलिक कार्यक्रम
13, 18, 20, 21, 22, 23, 25 और 26
जुलाई में ये हैं मुहूर्त
9, 10, 11, 12, 13, 14 व 15