साक्षी मलिक व वीरेंद्र सिंह उर्फ गूंगा पहलवान ने सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट।
साल्हावास। भीम अवार्डी, अर्जुन अवार्डी सासरौली निवासी वीरेंद्र सिंह उर्फ गूंगा पहलवान ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर महिला पहलवानों के पक्ष में एक्स पर पोस्ट की है। उन्होंने पोस्ट में लिखा है कि जब हमें अवार्ड दिए जाते हैं तो हमारे साथ घर वालों को भी भरपूर सम्मान दिया जाता है। भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, खेलमंत्री सभी हमसे बात करते हैं…एक बार फिर से भारत के प्रधानमंत्री से अपील करता हूं कि वह भारत की बेटियों से मिलकर उनको भय के माहौल से निकालें! जयहिंद। तीन दिन पहले भी उन्होंने एक्स पर पोस्ट डालकर देश की बेटी साक्षी मलिक को एक बार फिर से खेलने के लिए प्रेरित किया था। गौरतलब है कि साक्षी मलिक के कुश्ती से संन्यास लेने के बाद वे लगातार एक्स पर पोस्ट कर उन्हें अपना समर्थन दे रहे हैं। वे स्वयं भी अर्जुन अवार्ड वापसी का ऐलान कर चुके हैं। खेल रत्न न मिलने के बाद भी उन्होंने एक्स पर पोस्ट डालकर अपनी नाराजगी व्यक्त की थी। वीरेंद्र सिंह उर्फ गूंगा पहलवान डेफ ओलंपिक में तीन बार डेफ ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता व दो बार कांस्य पदक विजेता रहे हैं।