बहादुरगढ़। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) का अवैध कालोनियों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी है। बुधवार को डीटीपी जेपी खासा की टीम ने बहादुरगढ़ व गांव गुभाना के कंट्रोल्ड एरिया में काटी जा रही तीन अवैध कालोनियों में अतिक्रमण को गिराया।
टीम के सदस्यों ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी की मदद से कच्चे रोड नेटवर्क को उखाड़ दिया। 48 डीपीसी और एक निर्माणाधीन भवन को गिरा दिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे लोगों ने डीटीपी की कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस बल की वजह से उनकी एक न चली। लोगों ने डीटीपी जेपी खासा, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस के सामने निर्माण नहीं गिराने की मांग की, लेकिन डीटीपी ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से बने निर्माणों को हर हाल में तोड़ा जाएगा। डीटीपी जेपी खासा ने बताया कि लोग अवैध कालोनियों में प्लाट ना खरीदें। कुछ लोग कॉलोनी को अवैध रुप से काटते हैं। यहां पर प्लॉट बेचते हैं जबकि ये अनाधिकृत होती हैं। बाद में इन्हें खरीदने वाले लोगों को ही परेशानी होती है। इसलिए कहीं भी प्लाॅट या जमीन खरीदने से पहले अच्छी तरह से पड़ताल कर लें कि जिस जमीन को वह खरीद रहे हैं वह अधिकृत है या नहीं। अनाधिकृत कॉलोनी में प्लॉट नहीं खरीदे। अधिक जानकारी के लिए उनके कार्यालय से जानकारी ली जा सकती है।