बहादुरगढ़। जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर से क्षेत्र में बढ़ रही अवैध कॉलोनियों को तोड़ने की कार्रवाई लगातार जारी है। फिर भी कॉलोनाइजर अवैध कॉलोनियों को बसाने से बाज नहीं आ रहे हैं। मंगलवार को डीटीपी विभाग ने बेरी रोड पर स्थित सराय औरंगाबाद गांव में दो एकड़ में काटी गई अवैध कॉलोनी में रोड नेटवर्क को ध्वस्त किया। तोड़फोड़ कार्रवाई का विरोध हुआ, लेकिन पुलिस बल मौजूद होने के कारण तोड़फोड़ की कार्रवाई लगातार जारी रही। इस दौरान सेक्टर-6 थाना पुलिस मौजूद रही। डीटीपी अंजू जून ने लोगों से आह्वान किया है कि वे इस तरह की अवैध कॉलोनियों में प्लाट न खरीदें। इससे उन्हें काफी नुकसान होगा। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार मौजूद रहे।