बहादुरगढ़। शहर के लाइनपार के आठ सेेक्टरों में पेयजल समस्या का जल्द समाधान हो जाएगा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने इसके लिए काम शुरू कर दिया है। इन सेक्टरों में पेयजल पहुंचाने के लिए करीब सात किलोमीटर लंबी पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। इस कार्य पर 7 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत आएगी।
सेक्टर-7 स्थित एचएसवीपी के जलघर से सेक्टर-29 में प्रस्तावित बूस्टर तक यह पाइप लाइन बिछाई जाएगी। पाइप लाइन सेक्टर-7 से दिल्ली-रोहतक रोड़ और गांव साखोल से होते हुए लाइनपार क्षेत्र तक जाएगी।इसके लिए एचएसवीपी ने टेंडर प्रक्रिया की हुई है। जल्द ही टेंडर खोला जाएगा। इसके बाद कार्य शुरू हो जाएगा। आठ सेक्टरों में बिछाई जाने वाली पेयजल पाइप लाइन की मोटाई 24 इंच की होगी। लाइनपार में 45 लाख लीटर स्टोरेज क्षमता का बूस्टर भी बनाया जाएगा। सेक्टर-7 से स्वच्छ पेयजल को लाइनपार में प्रस्तावित बूस्टर में स्टोर किया जाएगा और फिर यहां से लाइनपार के प्रस्तावित सेक्टरों में पेयजल सप्लाई होगी। इसके लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने प्रस्ताव तैयार किया है। जिसे स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा गया है। जल्द ही इसकी स्वीकृति मिलने पर टेंडर प्रक्रिया पूरी करके यहां काम शुरू किया जाएगा। पेयजल लाइन बिछने और बूस्टर बनने के बाद मौजूदा सेक्टर-28 के लोगों के अलावा आने वाले दिनों में विकसित होने वाले अन्य सेक्टरों में हजारों लोगों को पेयजल की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। फिलहाल सेक्टर-28 के लोग पेयजल समस्या का सामना कर रहे हैं। लाइनपार में सेक्टर-27, 28, 28 ए, 29, 49, 50 व 51 आदि नाम से सेक्टर प्रस्तावित हैं। ये सभी सेक्टर दीन दयाल आवास योजना के तहत विकसित किए जाएंगे।
वर्जन...
लाइनपार में दो सेक्टर विकसित हो चुके हैं। कुछ और सेक्टर अभी आने बाकी हैं। करीब आठ सेक्टर लाइनपार में प्रस्तावित हैं। इन सभी में पेयजल के लिए लाइन बिछाने और बूस्टर बनाने के लिए एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेजा गया था। अब पेयजल पाइप लाइन बिछाने का टेंडर लगाया गया है। जल्द ही लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
-आशीष छिल्लर, जेई, एचएसवीपी, बहादुरगढ़।