झज्जर। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी की पुत्रवधू ने उन पर व उनके परिवार के तीन लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। विवाहिता के बयान पर महिला पुलिस ने इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की तरफ से मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
झज्जर निवासी उनकी पुत्रवधू ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी पारस वर्मा निवासी आर्य नगर बेरी वाली गली रोहतक के साथ फरवरी 2020 में हुई थी। इसके बाद से उसका पति पारस वर्मा, सास ललिता वर्मा, ससुर जगदीश व देवर मणि उसको शादी के बाद से ही परेशान कर रहे हैं। उसकी सास झज्जर में डीडीपीओ के पद पर कार्यरत हैं। उसका आरोप है षड्यंत्र के तहत उसका गर्भपात भी करवाया गया है। उसके साथ गाली गलौज व मारपीट की गई है। उसने ससुराल पक्ष के लोगों पर सरकारी पद का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि देवर ने उसके साथ गलत काम करने का भी प्रयास किया है। इसके अलावा भी उसने इन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि देवर व पति शराब के आदी हैं और उसे शराब पीकर परेशान करते हैं। पुलिस ने इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पिछले दिनों उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया है। उसकी ससुराल पक्ष के लोगों पर लाखों रुपये व बड़ी गाड़ी मांगने का आरोप लगाया है।
- वर्जन
पुलिस दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। फिलहाल तक पीड़ित पक्ष की तरफ से कोई ठोस सबूत उपलब्ध नहीं कराया गया है।
- किरण देवी, महिला थाना प्रभारी, झज्जर।
- वर्जन
यह मामला निराधार व पूरी तरह से झूठा है। यह मेरी छवि को खराब करने के लिए षड्यंत्र रचा गया है। यह लड़की डॉक्टर है, यह मामला कई दिनों से चल रहा है।
- ललिता वर्मा, डीडीपीओ, झज्जर।