बेरी। गांव माजरा दुबलधन में स्थित तपोभूमि जटेला धाम में आगामी 4 सितंबर को स्वामी नितानंद महाराज के 225वें निर्वाण दिवस पर जटेला धाम के महंत राजेंद्र दास के सानिध्य में 225 बेड के अस्पताल की आधारशिला रखी जाएगी। इसी को लेकर गांव माजरा निवासी ओमप्रकाश ने एक एकड़ जमीन अस्पताल बनाने के लिए दान स्वरूप भेंट की। महंत राजेंद्र दास ने बताया कि इस पावन और पवित्र कार्य के लिए दानी सज्जनों ने सवा करोड़ रुपये अभी दो-तीन दिन के अंतराल में दान स्वरूप भेंट किए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की तपोभूमि जटेला धाम के कण-कण में विराजमान स्वामी नितानंद महाराज में बड़ी आस्था है और अस्पताल बनाए जाने के इस पावन कार्य में सभी की सहभागिता है। बिंटू ने कहा कि इतना बड़ा अस्पताल बनाए जाने पर हमारे आसपास के गांव तथा क्षेत्र के लोगों के लिए बहुत ही गौरव का विषय है। इस अवसर पर नायब तहसीलदार जोगेंद्र धनखड़, मां चांद, दर्शन, भुपेंद्र, रविंद्र, संजय नंबरदार, ईश्वर, प्रदीप, मोनू, मोमित उपस्थित रहे।